द्वारका में स्कूल, NSUT स्टूडेंट्स को मिला कैंपस में हॉस्टल का तोहफा

नवभारतटाइम्स.कॉम•
gift of new school and hostel for nsut students in dwarka big boon from delhi government
n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को द्वारका से शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें द्वारका सेक्टर-16बी में सरकारी स्कूल, नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नॉलजी (NSUT) के ईस्ट कैंपस में स्टूडेंट्स के लिए हॉस्टल और तीन ITI में हाईटेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शामिल हैं। इस दौरान ओखला में जी. बी. पंत इंटिग्रेटेड कॉलेज और पॉलिटेक्निक परियोजना के साथ NSUT के मुख्य परिसर में एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग लैब और फैकल्टी ऑफिस बिल्डिंग की आधारशिला भी रखी गई।
द्वारका सेक्टर-16बी में शुरू हुए सरकारी सह-शिक्षा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में क्लास 6 से 12वीं तक की पढ़ाई होगी। स्कूल की क्षमता 2,000 स्टूडेंट्स की है। यहां साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स स्ट्रीम के साथ 75 कमरे, स्मार्ट क्लासेज, प्रयोगशालाएं, आधुनिक लाइब्रेरी और आईटी लैब जैसी सुविधाएं हैं। दूसरी ओर, NSUT के ईस्ट कैंपस में 120 छात्राओं की क्षमता वाले हॉस्टल का उद्घाटन किया गया। वहीं, NSUT के मुख्य परिसर में प्रस्तावित एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग लैब के जरिए करीब 2,000 स्टूडेंट्स को इंडस्ट्री से जुड़ी ट्रेनिंग देने की योजना है। इसके साथ फैकल्टी ऑफिस बिल्डिंग भी बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य शिक्षा को व्यावहारिक कौशल, कौशल को रोजगार और नवाचार को उद्यमिता से जोड़ना है। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि सरकार का जोर प्रचार के बजाय राजधानी के हर क्षेत्र में समान शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।

रेकमेंडेड खबरें