डिवाइडर से टकरा तोड़ी ग्रिल, फिर ग्रीनबेल्ट में गिरी कार

नवभारतटाइम्स.कॉम•
gurugram car hits divider on dwarka expressway falls into greenbelt driver critically injured
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

द्वारका एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर धनवापुर गोलचक्कर के पास तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई। फिर लोहे की ग्रिल तोड़ते हुए ग्रीनबेल्ट में पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि चालक को गंभीर चोटें आईं। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने मशक्कत के बाद चालक को कार से बाहर निकाला। इसके बाद उसे पुलिस और ऐम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, कार गुड़गांव से दिल्ली की ओर जा रही थी। धनवापुर गोलचक्कर के पास चालक नियंत्रण खो बैठा। रफ्तार के कारण कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे लगी लोहे की ग्रिल तोड़ते हुए ग्रीनबेल्ट में पलट गई। हादसे के बाद चालक कार के अंदर फंस गया था। कार की हालत देखकर आसपास से गुजर रहे लोग मदद के लिए आगे आए। उन्होंने सावधानी से चालक को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और ऐम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस एक्सिडेंट के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। हालांकि, चालक के नशे की स्थिति या किसी तकनीकी खराबी की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

रेकमेंडेड खबरें