12 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
threat to bomb 12 schools in noida panic ensues
n NBT रिपोर्ट, नोएडा

नोएडा में सोमवार को करीब 12 निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फायर बिग्रेड की टीमें स्कूलों में पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल परिसरों में सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों ने राहत की सांस ली। पुलिस धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही है।
डीसीपी नोएडा साद मियां खान ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद संबंधित थानों की पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने स्कूलों के कक्षों, गलियारों और अन्य हिस्सों की तलाशी ली। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें एक जगह एकत्र किया गया। वहीं, स्कूलों में बच्चों को घर भेजने की तैयारी की सूचना से अभिभावक परेशान रहे। कई परिजन बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल प्रबंधन से जानकारी लेते रहे। पुलिस धमकी भरे ईमेल के तकनीकी विवरण और आईपी एड्रेस समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की मदद से भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। जांच की जा रही है कि सभी स्कूलों को ईमेल एक ही स्रोत से भेजे गए या इसके पीछे अलग-अलग लोग हैं। इस तरह के धमकी भरे मेल पहले भी भेजे जा चुके हैं।

रेकमेंडेड खबरें