Azam Khan Questioned For 8 Hours Eds Big Action In Jauhar Trust Money Laundering Case
आज़म खां से 8 घंटे पूछताछ
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को रामपुर जेल में सपा नेता व यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान से करीब आठ घंटे पूछताछ की। जौहर ट्रस्ट और मोहम्मद अली जौहर विवि से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में तीन सदस्यीय टीम जेल पहुंची। टीम ने आजम खां से किसानों की जमीन व शत्रु संपत्ति हासिल करने समेत अन्य बिंदुओं पर सवाल किए।पूरा मामला रामपुर में यूपी पुलिस की ओर से दर्ज 27 FIR से जुड़ा है। इनमें 26 FIR अजीमनगर थाने और एक कोतवाली थाने में दर्ज है। इनमें धोखाधड़ी, जबरन वसूली, जालसाजी और आपराधिक साजिश जैसे आरोप हैं। इन्हीं मामलों के आधार पर ED ने जौहर ट्रस्ट के खिलाफ साल 2019 में जांच शुरू की थी। इसमें मो. अली जौहर विवि के चांसलर आजम खां व अन्य लोगों पर किसानों की जमीन और शत्रु संपत्ति अवैध तरीके से हासिल करने के आरोप हैं। एजेंसी इन आरोपों से जुड़े अपराध की आय का पता लगाने में जुटी है।
सपा विधायक से भी हुई थी पूछताछ: ईडी ने पिछले सप्ताह सपा के विधायक नसीर अहमद खान से भी पूछताछ की थी। नसीर रामपुर की चमरौआ सीट से विधायक हैं और जौहर ट्रस्ट में संयुक्त सचिव रहे हैं। ED ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ट्रस्ट के महत्वपूर्ण फैसलों और वित्तीय गतिविधियों में नसीर की क्या भूमिका थी।
प्रक्रिया का हिस्सा है ईडी जांच-जयवीर सिंह: आजम खां से पूछताछ पर यूपी के मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मोहम्मद अली जौहर विवि से जुड़े मामले की जांच लंबे समय से चल रही है। चंदा देने वाले लोगों की भी जांच की गई है। कई वित्तीय अनियमितताएं व विसंगतियां सामने आई हैं। उन्होंने ED की कार्रवाई को जांच प्रक्रिया का हिस्सा बताते हुए कहा कि एजेंसी अपना काम कर रही है।