100 Mld Sixth Treatment Unit In Chandu Budhera To Meet Gurgaons Water Demand
GMDA चंदू बुढेड़ा में लगाएगा 100 MLD क्षमता की छठी ट्रीटमेंट यूनिट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, सेक्टर-44
शहर में बढ़ती आबादी और पानी की मांग को देखते हुए जीएमडीए चंदू बुढेड़ा वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में 100 एमएलडी क्षमता की छठी ट्रीटमेंट यूनिट स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सोमवार को चंडीगढ़ में हुई हाई पावर वर्क्स परचेज कमिटी की बैठक में इस परियोजना के टेंडर को मंजूरी दे दी गई। इस नई यूनिट से शहर के मौजूदा और विकसित हो रहे रिहायशी क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति मजबूत करने में मदद मिलेगी। द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ लगे सेक्टर-81 से 115 और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध होगी।जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा ने कहा कि चंदू बुढेड़ा में 100 एमएलडी की अतिरिक्त यूनिट लगने से पानी की उपलब्धता बढ़ाने और मौजूदा व नए सेक्टरों की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। जीएमडीए वर्ष 2051 तक गुड़गांव की जलापूर्ति जरूरतों का आंकलन कर रहा है ताकि भविष्य की मांग के अनुसार बुनियादी ढांचा विकसित किया जा सके।
15 एकड़ ज़मीन पर विकसित होगी नई यूनिट : नई यूनिट चंदू बुढेड़ा वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में 15 एकड़ भूमि पर स्थापित की जाएगी। परियोजना में पानी के भंडारण के लिए क्लियर वॉटर रिजर्वायर, कच्चे और शोधित पानी की पंपिंग व्यवस्था व स्लज (अवशेष) को मशीनों से सुखाने की सुविधा भी विकसित की जाएगी।