Opd Registration And Upi Payment Facility Starts From Home In Government Hospitals
सरकारी अस्पतालों में घर बैठे OPD रजिस्ट्रेशन होगा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, चंडीगढ़
हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अब OPD पंजीकरण और फीस जमा कराने के लिए लंबी कतारों में लगने से राहत मिलेगी। प्रदेश सरकार ने सभी 23 जिला नागरिक अस्पतालों सहित 610 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में यूपीआई से भुगतान की सुविधा शुरू कर दी है। इसके साथ ही मरीज अस्पताल जाने से पहले घर बैठे ऑनलाइन ओपीडी पंजीकरण भी करा सकेंगे। हालांकि, जिन लोगों के पास स्मार्टफोन नहीं है, उनके लिए पहले की तरह अस्पताल में जाकर पंजीकरण कराने और नकद भुगतान करने की सुविधा जारी रहेगी।स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने रविवार को बताया कि प्रदेश के 23 जिला नागरिक अस्पतालों, 52 नागरिक एवं उप-नागरिक अस्पतालों, 121 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और 414 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में यूपीआई से भुगतान की सुविधा शुरू की गई है। इसके अलावा सभी 23 जिलों के सिविल सर्जन कार्यालयों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मरीज अब ओपीडी और आईपीडी पंजीकरण, मेडिको-लीगल मामलों और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निर्धारित फीस यूपीआई से जमा कर सकेंगे। इसके लिए 'स्कैन एंड पे' सुविधा भी शुरू की गई है। मरीज क्यूआर कोड स्कैन करके भुगतान कर सकेंगे। इस व्यवस्था का सबसे पहले पानीपत के जिला नागरिक अस्पताल में सफल परीक्षण किया गया था। इसके बाद इसे पूरे प्रदेश में लागू किया गया।
118 स्वास्थ्य संस्थानों में 'स्कैन एंड रजिस्टर' सुविधाः स्वास्थ्य विभाग ने ई-हॉस्पिटल प्रणाली से जुड़े 118 स्वास्थ्य संस्थानों में 'स्कैन एंड रजिस्टर' सुविधा भी शुरू की है। इनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी शामिल हैं। इसके जरिए मरीज ओपीडी के लिए अपना पंजीकरण करवा सकेंगे।
इससे खासतौर पर सुबह के समय पंजीकरण काउंटरों पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी। डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि डिजिटल सुविधा शुरू होने का मतलब यह नहीं है कि नकद भुगतान बंद हो जाएगा। जिन मरीजों के पास स्मार्टफोन नहीं है या जो यूपीआई का इस्तेमाल नहीं करते, वे पहले की तरह अस्पताल जाकर पंजीकरण करवा सकेंगे और नकद फीस जमा कर सकेंगे। यह सुविधा सिर्फ वैकल्पिक व्यवस्था के तहत है।