Delhi Scrap Dealer Arrested For Buying Stolen Iron Rods 170 Kg Iron Rods Recovered
चोरी का सरिया खरीदने वाला दिल्ली का कबाड़ी गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा : चोरी का सरिया खरीदने के आरोप में वांछित कबाड़ी सब्बीर को सेक्टर-58 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सेक्टर-62 स्थित छोटा डी-पार्क के पास से चोरी के दो बंडल सरिये बरामद किए हैं। इनका वजन करीब 170 किलोग्राम है। आरोपी दिल्ली के कल्याणपुरी का रहने वाला है।
एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि रविवार को गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने सब्बीर को सेक्टर-58 के लेबर चौक से पकड़ा है। पूछताछ में उसने बताया कि वह राजू और उसके साथियों से कई बार चोरी का सरिया खरीद चुका है। वह उन्हें अपने गोदाम पर बुलाने के बजाय सेक्टर-62 या खोड़ा के आसपास सरिया रखने के लिए कहता था। इसके बाद वह वहां से सरिया उठाकर बेचता था। पुलिस के मुताबिक, राजू और उसके साथियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर सब्बीर अपने घर से फरार हो गया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सरिया बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। शनिवार शाम को पुलिस ने सरिया चोरी के आरोप में राजू और उसके 3 साथियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। इस दौरान मुख्य आरोपी राजू के पैर में गोली लगी थी। पुलिस के मुताबिक, वह चोरी की बाइक से रेकी करने निकला था, तभी पुलिस से उसकी मुठभेड़ हो गई थी।