राधाष्टमी पर मंदिरों में राधा रानी का पंचामृत से अभिषेक किया गया। लोगों ने व्रत रखकर राधा रानी का आशीर्वाद लिया। मंदिरों में कलश यात्रा, भजन कीर्तन, भंडारा प्रसाद, 56 भोग, अभिषेक जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।सेक्टर 37 इस्कॉन मंदिर में राधा रानी के प्राकट्य दिवस राधाष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस्कॉन ईस्ट ऑफ कैलाश मंदिर के अध्यक्ष मोहन रूप प्रभु ने राधा रानी के प्राकट्य और उनकी भक्ति महिमा पर कथा प्रस्तुत की। मंदिर के अध्यक्ष गोपीश्वर दास ने बताया कि राधाष्टमी भक्तों के लिए राधा रानी की महान भक्ति, प्रेम और श्रीकृष्ण की सेवा के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करने का विशेष अवसर है। चावला कॉलोनी स्थित अग्रवाल धर्मशाला में श्री राधे मित्र मंडल की ओर से 16वां श्री राधा रानी जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। मंडल के अध्यक्ष मोहित कुमार गुप्ता ने बताया कि सुबह शिव मंदिर में श्रीराधा रानी का महाभिषेक किया गया। भक्तों ने पंचामृत से राधा रानी का अभिषेक किया और 56 भोग प्रसाद चढ़ाया।