NBT रिपोर्ट, मुंबई: नैशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) का 22,569 करोड़ रुपये का मेगा IPO बोली लगाने के दूसरे दिन शुक्रवार को पूरी तरह से सब्सक्राइब हो गया। इसे क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) और नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स से बेहतर रिस्पॉन्स मिला।
NSE के डेटा के मुताबिक, 18 सितंबर को शाम 5:00 बजे तक इस इशू को 1.15 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। 22,569 करोड़ रुपये के IPO में 8.86 करोड़ शेयरों की पेशकश के मुकाबले 10.16 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। सबसे ज्यादा मांग नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स की तरफ से रही, जिनका सब्सक्रिप्शन 1.64 गुना था। इसके बाद क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का नंबर रहा, जिनका सब्सक्रिप्शन 1.53 गुना था। रिटेल इन्वेस्टर्स का हिस्सा 71 प्रतिशत सब्सक्राइब हुआ।InvestorGain के अनुसार, ग्रे मार्केट में शेयरों के GMP में गिरावट देखी जा रही है। हालांकि GMP कोई आधिकारिक मार्केट इंडिकेटर नहीं है और यह लिस्टिंग प्राइस या रिटर्न की गारंटी नहीं देता है।
वहीं, क्लोजिंग ऑक्शन सेशन (CAS) के दौरान दिन भर की बढ़त गंवाते हुए सेंसेक्स 19.63 अंक (0.03%) गिरकर 74,294.96 पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान यह 413.85 अंक उछलकर 74,728.44 के स्तर तक पहुंच गया था। वहीं, निफ्टी 75.80 अंक (0.33%) बढ़कर 23,346.40 के स्तर पर बंद हुआ।