मध्य प्रदेश में कार नाले में बही, 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम
3 8
g भाषा/आईएएनएस, आगर मालवा: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार तड़के बारिश के पानी से उफन रहे नाले में एक कार के गिर जाने से तीन बच्चों और दो महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई। कार में सवार सात लोग ओडिशा के निवासी थे और वह नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन करने जा रहे थे। इन लोगों ने उज्जैन से कार किराए से ली थी। चालक को पानी के बहाव का अंदाजा नहीं था। लिहाजा उसने नाले को पार करने की कोशिश की, इसी के चलते कार पानी के बहाव के साथ नाले में जा समाई।

शनिवार की सुबह जब नाले का पानी उतर गया तो राहगीरों ने नाले में कार को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, तब कार के अंदर से आठ लोगों के शव निकले। नलखेड़ा थाना प्रभारी शशि उपाध्याय ने बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर नलखेड़ा कस्बे में बगलामुखी मंदिर के पास हुआ। उन्होंने बताया कि ओडिशा से आए श्रद्धालुओं को लेकर जा रही कार बारिश के पानी से उफन रहे नाले में गिर गई । इस हादसे में कार सवार तीन बच्चों, दो महिलाओं और तीन पुरुषों की मौत हो गई।