Faridabad 3 Thousand People Deprived Of Community Center Financial Burden On Private Banquet Halls
तीन हजार लोगों का अपना कम्युनिटी सेंटर नहीं
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nवर्षा भड़ाना, फरीदाबाद
सेक्टर 21-बी के करीब 748 मकानों में रहने वाले 3 हजार से अधिक लोग लंबे समय से बुनियादी सामाजिक सुविधा कम्युनिटी सेंटर से वंचित हैं। आरडब्ल्यूए (RWA) पदाधिकारियों का कहना है कि शादी-विवाह, धार्मिक आयोजन, बुजुर्गों की सभाओं और बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए सार्वजनिक स्थान न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में निवासियों को महंगे निजी बैंक्विट हॉलों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।साझा कम्युनिटी सेंटर पर एक ही सेक्टर का कब्जा : वर्ष 1976 से बसे इस सेक्टर के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के अनुसार, कई साल पहले एचएसवीपी (तत्कालीन हुडा) ने सेक्टर 21-ए और 21-बी दोनों के लिए सेक्टर 21-ए में करीब 12 एकड़ जमीन पर शहर का सबसे बड़ा साझा कम्युनिटी सेंटर बनाया था। शुरुआत में दोनों सेक्टर इसका संयुक्त उपयोग करते थे, लेकिन पिछले 10-15 वर्षों से इस पर पूरी तरह सेक्टर 21-ए की आरडब्ल्यूए का नियंत्रण हो गया है। अब सेक्टर 21-बी के लोगों को कोई भी कार्यक्रम आयोजित करने के लिए 21-ए आरडब्ल्यूए से अनुमति लेनी पड़ती है, और कई बार अनुमति न मिलने पर कार्यक्रम तक रद्द करने पड़ते हैं।
खाली जमीन पर अलग कम्युनिटी सेंटर बनाने की मांग : आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने कई बार प्रशासन और हुडा विभाग से शिकायत की है। उनकी मांग है कि 12 एकड़ परिसर में पड़ी खाली जमीन पर सेक्टर 21-बी के लिए अलग से कम्युनिटी सेंटर बनाया जाए या फिर इसके उपयोग के लिए ऐसे स्पष्ट नियम तय किए जाएं, जिससे दोनों सेक्टरों के लोगों को समान अधिकार व सुविधाएं मिल सकें।