राम मंदिर चंदा विवाद: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने उठाए सवाल, Sit जांच पर जताई आपत्ति
राम मंदिर चंदा विवाद: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने उठाए सवाल, SIT जांच पर जताई आपत्ति
NewsPoint•
अयोध्या के राम मंदिर में अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में भीषण गर्मी में लोगों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, भ्रष्टाचार के तार दिल्ली से जुड़े हैं।
लखनऊ, 18 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने अयोध्या में राम मंदिर में अव्यवस्था और कथित चंदा विवाद को लेकर तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं और मामले की एसआईटी जांच पर आपत्ति जताते हुए हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच कराने की मांग की है। राय ने यह भी कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से राजनीति का व्यवसायीकरण हुआ है और भ्रष्टाचार बढ़ा है।
हनुमान गढ़ी दर्शन के बाद राम मंदिर पहुंचे अजय राय ने वहां अव्यवस्था का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी में मंदिर परिसर में चलते समय लोगों के पैर जल रहे थे और कहीं भी कालीन नहीं बिछाई गई थी। राय के अनुसार, "बाहर से ही भ्रष्टाचार की शुरुआत दिखाई दे रही है।" उन्होंने स्थानीय लोगों के हवाले से कहा कि मंदिर में काफी समय से भ्रष्टाचार चल रहा है, जिसमें कई बड़े लोग शामिल हैं और इसके तार दिल्ली तक जुड़े हुए हैं।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राम मंदिर के निर्माण से जुड़े लोगों ने पहले चंदा, फिर जमीन और अब चढ़ावा चोरी किया है। उन्होंने कहा कि चढ़ावा का कोई हिसाब नहीं रखा जा रहा है और लोग जो दान कर रहे हैं, उसे चुराया जा रहा है। अजय राय ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि जहां शंकराचार्य को पूजा करनी चाहिए थी, वहां प्रधानमंत्री ने खुद पहुंचकर श्रेय लेने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि मंदिर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर बना था और अब चढ़ावा चोरी हो रही है।
राय के मुताबिक, यह सारा विवाद धन के बंटवारे को लेकर खड़ा हुआ है। उन्होंने एसआईटी जांच को बेतुका बताते हुए कहा कि जिन अधिकारियों की खुद की जांच चल रही है, वे निष्पक्ष जांच कैसे कर सकते हैं। इसलिए, उन्होंने मांग की कि मामले की जांच हाईकोर्ट के किसी सिटिंग जज से कराई जाए।
पार्टियों में टूट और नेताओं के दल बदलने के मुद्दे पर, यूपी सरकार में मंत्री ओपी राजभर के कांग्रेस-सपा के 20 सांसदों के संपर्क में होने के दावे को अजय राय ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंत्रियों को बर्खास्त कर देना चाहिए क्योंकि वे अपने लोगों को बर्बाद कर रहे हैं। राय ने दावा किया कि ऐसे मंत्री खुद को लोगों के संपर्क में होने का दिखावा कर रहे हैं, जबकि असलियत में उनके संपर्क में कोई सांसद नहीं है।
भाजपा के सत्ता में आने के बाद राजनीति के व्यवसायीकरण और भ्रष्टाचार के आरोपों पर अजय राय ने कहा कि जब से भाजपा सत्ता में आई है, तब से राजनीति का व्यवसायीकरण हो गया है। उन्होंने कहा कि लोगों को भ्रष्टाचार में शामिल कर दिया गया है और इसका पूरा श्रेय भाजपा को जाता है।
राहुल गांधी के जन्मदिन मनाने की योजना के बारे में बताते हुए अजय राय ने कहा कि वे लोग अनाथालय, वृद्धाश्रम और यतीमखाने में राहुल गांधी का जन्मदिन मनाएंगे और वहां यथासंभव सहयोग भी देंगे।