सोहा अली खान ने बाल दिवस पर साझा की अनदेखी तस्वीरें, पंडित नेहरू का संदेश
सोहा अली खान ने बाल दिवस पर साझा की अनदेखी तस्वीरें, पंडित नेहरू का संदेश
NewsPoint•
मुंबई, 14 नवंबर (आईएएनएस)। बाल दिवस पर अभिनेत्री सोहा अली खान ने अपने फैंस के साथ कुछ खास यादें साझा की। उन्होंने अपने माता-पिता, शर्मिला टैगोर और मंसूर अली खान, की पंडित जवाहरलाल नेहरू के साथ की एक पुरानी तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा की। इस तस्वीर में उनके माता-पिता के बचपन की झलक दिख रही है। फोटो देखकर फैंस भी चौंक गए, क्योंकि उन्हें उनके माता-पिता पहचानना मुश्किल हो रहा था।
सोहा ने तस्वीरों के साथ लिखा, "मेरे माता-पिता बनने से पहले वे भी बच्चे थे। आज बाल दिवस के मौके पर मैं अपने फैमिली एल्बम से दो खास झलकियां शेयर कर रही हूं। मेरी मां एक छोटी बच्ची के रूप में और मेरे पिता एक लड़के के रूप में। दोनों ही एक ऐसे शख्स के साथ खड़े हैं, जो मानते थे कि बच्चे ही देश का भविष्य होते हैं।" उन्होंने पंडित नेहरू के जन्मदिन और बाल दिवस के संबंध को स्पष्ट करते हुए कहा, "पंडित नेहरू का जन्मदिन भारत में बाल दिवस बना क्योंकि वे नहीं चाहते थे कि ये दिन उनके बारे में हो। वो चाहते थे कि इस दिन को देश के भविष्य के रूप में सेलिब्रेट किया जाए और हर बच्चे को बड़ा सपना देखने का मौका मिले।"
सोहा ने ये भी कहा कि सभी बच्चों को अपने सपने सच करने का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने पोस्ट के अंत में लिखा, "मेरे माता-पिता के बड़े सपने थे। टैलेंट, मेहनत, लगन और मौके से उनके सपने पूरे हुए। हर बच्चे को अपने सपनों को हकीकत में बदलने का वही मौका मिले। बाल दिवस की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।"
सोहा अली खान के करियर की शुरुआत 2004 में हुई थी। उन्होंने बंगाली फिल्म 'इति श्रीकांत' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में उन्होंने कमललता का किरदार निभाया। उसी साल उन्होंने शाहिद कपूर के साथ बॉलीवुड फिल्म 'दिल मांगे मोर!!!' से कदम रखा। सोहा की ये पुरानी यादें और उनका संदेश सभी बच्चों के लिए प्रेरणादायक है।