कंगना रनौत ने अयोध्या में रामलला के दर्शन किए, मंदिर की प्रशंसा की

NewsPoint•
Navbharat Times
अयोध्या, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद कंगना रनौत ने रविवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन किए। उन्होंने इसे अपने लिए एक दिव्य और पवित्र अनुभव बताया। कंगना ने कहा कि पवित्र धरती पर आना और रामलला के दर्शन करना बहुत बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने राम मंदिर की खूबसूरती और उसके विशाल परिसर की खूब तारीफ की।

कंगना ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, ''अयोध्या की पवित्र धरती पर आने का सौभाग्य हर किसी को प्राप्त नहीं होता। आज हमने दर्शन किए। ये दर्शन होना भी बहुत बड़े सौभाग्य की बात है। यहां आकर बहुत अच्छा लगा। मंदिर का परिसर काफी बड़ा है। मंदिर की खूबसूरती देखकर लगता है कि परिवार के साथ यहां 2-3 दिन बिताने पड़ेंगे, तभी मन को संतुष्टि मिलेगी।''
कंगना अयोध्या में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। इससे पहले वह रिकाबगंज इलाके में एक कार्यक्रम में भाग लीं और एक शोरूम का उद्घाटन भी किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या में चल रहे विकास कार्यों की तारीफ की। कंगना ने कहा कि शहर में नई सड़कें बनी हैं और एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित हुई हैं।

इसके बाद उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि परिसर में जाकर रामलला के दर्शन किए। कंगना इससे पहले भी अयोध्या आ चुकी हैं। साल 2024 में राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के समय भी वह इस समारोह में शामिल हुई थीं। हाल ही में, 26 अक्टूबर 2023 को अपनी फिल्म 'तेजस' की रिलीज से पहले उन्होंने एक टेंट में विराजमान रामलला के दर्शन किए थे।

अयोध्या में हाल में फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियां दर्शन के लिए आई हैं। अभिनेता राजपाल यादव भी राम मंदिर में रामलला के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने हनुमानगढ़ी में हनुमान जी के दर्शन किए और वहां महंत संजय दास से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।

राजपाल यादव को मंदिर परिसर में देखकर श्रद्धालुओं में उत्साह था और कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। कंगना के दर्शनों और कार्यक्रमों के चलते अयोध्या में धार्मिक और फिल्मी दुनिया का संगम नजर आता है। यह सब दर्शाता है कि अयोध्या अब केवल धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन स्थल के रूप में भी उभर रही है।

रेकमेंडेड खबरें