n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : राष्ट्रीय स्तर की 17 साल की शूटर के साथ कथित यौन शोषण मामले में आरोपी नैशनल कोच अंकुश भारद्वाज जांच में शामिल हुआ। सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी को फिलहाल गिरफ्तारी से राहत देते हुए उसे जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने स्पष्ट किया कि आरोपी 29 अप्रैल को जांच अधिकारी के समक्ष पेश हो और पूरी तरह सहयोग करे। कोर्ट के आदेश पर आरोपी कोच अपने वकील के साथ एनआईटी महिला थाने पहुंचा और जांच अधिकारी के सामने पेश होकर अपने बयाान दर्ज कराए। इस मामले की अगली सुनवाई अब 15 मई को होनी है। पुलिस जांच में आरोपी ने कितना सहयोग किया और घटना को लेकर क्या बातें पुलिस को बताई है, पुलिस बताने को तैयार नहीं है। बता दें कि यह मामला 6 जनवरी को सामने आया था, जब ग्रेटर नोएडा निवासी नाबालिग नैशनल शूटर ने एनआईटी महिला थाने में अपने कोच के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार, 16 दिसंबर को दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान कोच ने उसे चर्चा के बहाने रुकने को कहा। बाद में फोन कर सूरजकुंड के एक फाइव स्टार होटल में बुलाया, जहां उसके साथ छेड़छाड़ की गई। आरोप है कि विरोध करने पर कोच ने पीड़िता को जान से मारने और उसका करियर बर्बाद करने की धमकी दी।

