n NBT न्यूज, नोएडा
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को अभियान चलाकर 6241 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में हुई इस चेकिंग के दौरान 2609 मैनुअल चालान किए गए, जबकि आईटीएमएस कैमरों की मदद से 3632 ई-चालान काटे गए। अभियान में सबसे अधिक मार बिना हेलमेट वाले चालकों पर पड़ी, जिनके कुल 2641 चालान हुए। इसके अलावा ओवर स्पीडिंग के 395, विपरीत दिशा में वाहन चलाने के 467 और नो-पार्किंग के 559 चालान किए गए। तीन सवारी बैठाने पर 81 चालान हुए और गंभीर उल्लंघन मिलने पर 13 वाहनों को सीज किया गया। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और सुचारु यातायात सुनिश्चित करना है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा जैसे नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की सख्त प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी ताकि सड़कों पर सुरक्षा और अनुशासन का वातावरण बना रहे।

