कच्चे तेल की तपिश के बावजूद उछला बाज़ार

नवभारत टाइम्स

शेयर बाज़ार में बुधवार को रौनक लौटी। ब्रेंट क्रूड के 114.4 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने के बावजूद सेंसेक्स करीब 610 अंक सुधरा। निफ्टी भी 24,100 के पार बंद हुआ। एफएमसीजी, ऑटो और टेलीकॉम कंपनियों के शेयरों में खरीदारी से यह तेजी आई। बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स में भी बढ़त देखी गई।

share market surges despite crude oil inflation sensex and nifty rise

NBT रिपोर्ट, मुंबई : शेयर बाजार में बुधवार को रौनक वापस लौटी। हालांकि कच्चे तेल का वैश्विक मानक ब्रेंट क्रूड 2.85% उछलकर 114.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बावजूद इसके सेंसेक्स करीब 610 अंक सुधरा और निफ्टी 24,100 के स्तर के ऊपर बंद हुआ। बाजार में यह तेजी मुख्य रूप से एफएमसीजी (FMCG), ऑटो और टेलीकॉम कंपनियों के शेयरों में हुई खरीदारी की वजह से आई।

उतार-चढ़ाव भरे इस कारोबार में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 609.45 अंक (0.79%) की बढ़त के साथ 77,496.36 पर बंद हुआ। दिन के दौरान एक समय यह 1,095.6 अंक (1.42%) तक उछलकर 77,982.51 के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया था। वहीं, 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 181.95 अंक (0.76%) चढ़कर 24,177.65 पर बंद हुआ।

बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 0.75% बढ़ा, हालांकि मिडकैप इंडेक्स में 0.49% की मामूली गिरावट आई। सेक्टरों की बात करें तो एफएमसीजी में सबसे ज्यादा 1.57% की तेजी रही।