n NBT न्यूज, आरडीसी : मुरादनगर थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या करने और उसके साथी युवक को घायल करने के मामले के 12 आरोपियों को बुधवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट सेकंड के न्यायाधीश ने सबूतों के अभाव में बरी कर दिया। बचाव पक्ष के वकील कुलदीप सिंह ने बताया कि मुरादनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले विकेश कुमार ने 28 अप्रैल 2014 को पुलिस में केस दर्ज कराते हुए बताया था कि उनका चचेरा भाई कृष्णपाल उर्फ केपी त्यागी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। 28 अप्रैल को कृष्णपाल अपनी कार से विकास चौधरी के घर से होकर जा रहा था। रास्ते में प्रवीण अपने घर के बाहर खड़ा था। कृष्णपाल ने उसे भी अपने साथ बैठा लिया। जैसे ही उसकी कार मुर्गी फार्म के पास पहुंची। सामने से आ रही भूसे की बोगी को बचाने के लिए कृष्णपाल ने गाड़ी की स्पीड धीमी कर दी। इसी दौरान 4 बदमाशों ने कृष्ण पाल और प्रवीण पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। कृष्णपाल और प्रवीण को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, इलाज के दौरान कृष्णापाल की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए अमित त्यागी, जितेंद्र त्यागी, अमर यादव, आस मोहम्मद, परवेज चौधरी, प्रमोद, जाटव, जगबीर सिंह, देवेंद्र, जोशी त्यागी, रणदीप भाटी, कुलदीप मलिक और मनोज गुर्जर समेत 13 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी।


