ila.srivastava
@timesofindia.com
n इंदिरापुरम : गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में बुधवार सुबह 8:30 बजे ऐसा हादसा हुआ, जिसने कुछ ही मिनटों में लोगों की जिंदगी बदल दी। कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद मौसम थोड़ा सामान्य था। लोग रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे, तभी अचानक बिजली चली गई। लोगों ने इसे सामान्य कटौती समझा लेकिन कुछ ही देर बाद डी-ब्लॉक की तरफ से चिंगारियां और धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कई फ्लैट उसकी चपेट में आ गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। काला धुआं और ऊंची लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं। कई फ्लैटों की बालकनियों के शीशे टूट गए और दीवारों में दरारें पड़ गईं। लोग अपने घरों में फंस गए, कुछ लोगों की मदद से बच्चों को गोद में उठाकर नीचे लाया गया, जबकि बुजुर्गों को सहारा देकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया। नीचे खड़े कई लोग अपनी आंखों के सामने ही अपना घर जलता देख बेसुध नजर आए। कोई जरूरी सामान बचाने की कोशिश कर रहा था तो कोई अपनी यादों को खोने के दर्द में रो रहा था।
सोसायटी के लोग एक-दूसरे की मदद को आए आगे
इस भयावह हादसे के बीच इंसानियत की मिसाल भी देखने को मिली। सोसायटी के लोग एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आए। आग से अपना घर और सामान जलने के बाद बेसुध हुए प्रभावित लोगों के लिए किसी ने खाना पहुंचाया, किसी ने पानी और कपड़ों का इंतजाम किया। कई परिवारों ने पीड़ितों के लिए अपने घरों के दरवाजे खोल दिए। आरडब्ल्यूए और निवासियों ने मिलकर राहत कार्य संभाला। हादसे ने भले ही कई घरों को नुकसान पहुंचाया लेकिन मुश्किल वक्त में पूरी सोसायटी एक परिवार की तरह साथ खड़ी दिखाई दी।
आग की घटना पर जताई चिंता : गौड़ ग्रुप के मीडिया प्रभारी ने कहा कि सोसायटी में हुई दुर्भाग्यपूर्ण आग की घटना चिंतित करने वाली है। यह प्रॉजेक्ट लगभग 10 वर्ष साल पहले निवासियों को सौंपा गया था। तब से इसके प्रबंधन और संचालन की पूरी जिम्मेदारी अपार्टमेंट ओनर्स असोसिएशन (AOA) के पास है।

