NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले की अलग-अलग पंचायतों में होने वाले उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार जिले में पंच पद के लिए 10 पंचायतों में नामांकन मांगे गए थे, इनमें से 4 पंचायतों में पंच निर्विरोध चुने गए हैं, छह पंचायतों में कोई नामांकन नहीं हुआ। जिला प्रशासन के प्रवक्ता ने बताया कि पटौदी खंड की ग्राम पंचायत बासपदमका में सरपंच पद के लिए 3 प्रत्याशी हैं। इनमें राजवीर सिंह को साइकिल, राजीव कुमार को कांच का गिलास और वीरेंद्र सिंह को नारियल का पेड़ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। वहीं सोहना खंड की पंचायत समिति के वॉर्ड नंबर पांच से दो प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, इनमें मीना को ब्लैक बोर्ड और रेखा को दीवार घड़ी चिह्न मिला है। उपचुनाव के लिए मतदान 10 मई को सुबह 8.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक होंगे। मतगणना वोटिंग के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्र पर ही होगी। किसी कारण से पुनर्मतदान की आवश्यकता होती है तो इसके लिए 12 मई का दिन निर्धारित किया गया है।

