n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : आयकर विभाग ने व्यापारियों और करदाताओं को नए आयकर अधिनियम 2025 और इसके नियमों के बारे में जागरूक करने के लिए दो बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. रेनुका जैन गुप्ता के संरक्षण में हुई और इसकी अध्यक्षता प्रधान आयकर आयुक्त दीपिका मित्तल ने की। इस दौरान विभाग के अधिकारियों संजया चौरसिया, डॉ. अमरजोत, अरुण कुमार और नीति रंजन ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए नई टैक्स व्यवस्था और टीडीएस/टीसीएस से जुड़ी बारीकियों को बहुत ही सरल तरीके से समझाया।इस अभियान में गाजियाबाद के साथ-साथ हापुड़, मोदीनगर और बुलंदशहर के चार्टर्ड अकाउंटेंट, वकील और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में एक सवाल-जवाब का सत्र भी रखा गया, जिसमें लोगों ने नए नियमों को लेकर अपनी शंकाएं दूर कीं और अधिकारियों ने विस्तार से उनके जवाब दिए। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य टैक्स भरने की प्रक्रिया को आसान बनाना और लोगों तक नए नियमों की सही जानकारी पहुंचाना था, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर रुचि दिखाई।

