n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
शहर की महत्वाकांक्षी मधुबन बापूधाम योजना के निवासियों और कला प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) योजना के औद्योगिक पॉकेट में स्थित शहीद स्मारक पार्क का कायाकल्प करने जा रहा है। इस पार्क में अब एक आधुनिक ओपन एयर थिएटर ( खुला रंगमंच ) का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों और कला को बढ़ावा मिलेगा।
इस पूरी परियोजना पर जीडीए का लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। जीडीए के अधिकारियों के मुताबिक, इस ओपन एयर थिएटर का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना और शहीदों की याद में बने इस पार्क को एक जीवंत सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। यहां देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों के साथ-साथ नाटक, संगीत संध्या और अन्य सामाजिक आयोजन खुले आसमान के नीचे किए जा सकेंगे। निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताओं को गति दी जा रही है ताकि जल्द से जल्द काम शुरू किया जा सके।
इस थिएटर के बनने से न केवल मधुबन बापूधाम बल्कि आसपास की कॉलोनियों के हजारों लोगों को मनोरंजन और मेल-मिलाप के लिए एक नया स्थान मिलेगा। पार्क में आने वाले लोगों के लिए यह एक अतिरिक्त आकर्षण होगा, जहां वे हरियाली के बीच कला और संस्कृति का आनंद ले सकेंगे। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के निर्माण से शहीद स्मारक पार्क की महत्ता और भी बढ़ जाएगी।

