n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
क्रिप्टो करंसी में ट्रेडिंग कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर कौशांबी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से करीब डेढ़ करोड़ रुपये ठग लिए गए। शातिरों ने शुरुआत में मुनाफे की कुछ रकम निकलवाकर भरोसा जीता और फिर मोटी रकम निवेश कराकर ठगी की।
रामप्रस्थ ग्रीन्स सोसायटी में रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि मई 2025 में वह क्रिप्टो करंसी ट्रेडिंग के संबंध में सोशल मीडिया पर सर्च कर रहे थे। उन्हें एक वेबसाइट मिली, जो दिखने में असली ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म जैसी थी। एक एक व्यक्ति ने संपर्क किया। बातचीत में खुद को ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताया और कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया। उन्हें ट्रेडिंग के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कर को कहा गया। 21 मई 2025 को उन्होंने निवेश की गई रकम और मुनाफे की रकम में से 4950 रुपये सफलतापूर्वक निकाल लिए। इसके बाद ठगों ने उन्हें बड़े निवेश के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रकम ट्रांसफर करनी शुरू कर दी। करीब 1.47 करोड़ रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए। चार जुलाई 2025 को ठगों ने एक अन्य मोबाइल नंबर देकर मानसी मेहता नाम की महिला से संपर्क कराया। उन्होंने अपने रुपये निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने पहले टैक्स जमा करने की शर्त रखी। उनके द्वारा बताए खाते में टैक्स की रकम भी जमा कर दी। इसके बावजूद निकासी नहीं हुई। ठगों ने उनके अकाउंट में दिख रही पूरी राशि को शून्य कर दिया। एडीसीपी क्राइम का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।

