n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
एक ओर ग्रेटर नोएडा को इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सौगात मिलने से वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल रही है और इसे देश के सबसे आधुनिक शहरों में गिना जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, शहर के अंदरूनी सेक्टरों की हकीकत प्राधिकरण के विकास के दावों की पोल खोल रही है। सेक्टर बीटा-1 की सर्विस रोड की मौजूदा स्थिति को देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल है कि आप किसी हाईटेक सिटी में हैं या किसी पिछड़े देहाती इलाके में। प्राधिकरण अधिकारियों की घोर उपेक्षा के चलते यह प्राइम सेक्टर अब बदहाली का पर्याय बन चुका है।
सेक्टर बीटा-1 स्थित रामपुर मार्केट के समीप और बी व सी ब्लॉक की सर्विस रोड की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि यहां पैदल चलना भी जान जोखिम में डालने जैसा है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनमें गंदा पानी भरा रहता है। यह स्थिति न केवल जल निकासी की विफलता को दर्शाती है, बल्कि हादसों को खुला निमंत्रण दे रही है। निवासियों का कहना है कि यह सड़क अब गांवों की कच्ची सड़कों से भी ज्यादा खतरनाक हो चुकी है। बारिश न होने पर भी यहां सीवर और नालियों का पानी सड़कों पर जमा रहता है। गंदे पानी से वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई गाड़ियां इन गड्ढों में फंसकर क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, लेकिन प्राधिकरण कुछ नहीं कर रहा।

