अधिक मुनाफे का लालच देकर ठगों ने ऐंठ लिए 3.62 लाख रुपये

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में एक महिला से साइबर ठगों ने 3.62 लाख रुपये ठग लिए। सोशल मीडिया पर निवेश का लालच देकर ठगों ने पहले छोटा मुनाफा दिखाया। फिर कमीशन, टैक्स के नाम पर लगातार पैसे ऐंठते रहे। महिला ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

362 lakh duped cybercriminals prey on woman with profit lure on social media

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

बल्लभगढ़ के सेक्टर-7 ए में रहने वाली एक महिला को सोशल मीडिया पर निवेश का लालच देकर साइबर ठगों ने करीब 3.62 लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोपियों ने पहले छोटा निवेश कर मोटे मुनाफे का झांसा दिया और फिर कमीशन, टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर लगातार पैसे वसूलते रहे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-7 ए निवासी महिला ने बताया कि 14 फरवरी को उन्हें इंस्टाग्राम पर एक निवेश संबंधी विज्ञापन दिखा। इस दौरान उनकी बातचीत भूमिका मिश्रा नाम की युवती से हुई, जिसने दावा किया कि 299 रुपये निवेश करने पर 9 हजार रुपये का मुनाफा मिलेगा। लालच में आकर महिला ने बताए गए यूपीआई अकाउंट पर 299 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने महिला को एक टेलिग्राम ग्रुप से जोड़ दिया। वहां उसे बताया गया कि उसे 9 हजार रुपये का लाभ मिल चुका है, लेकिन रकम प्राप्त करने के लिए पहले 15 प्रतिशत कमीशन (1350 रुपये) जमा करना होगा। आरोपियों ने 14 फरवरी से 24 फरवरी के बीच अलग-अलग खातों में कुल 3 लाख 62 हजार 232 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।