n NBT न्यूज, मोदीनगर : दिल्ली-मेरठ मार्ग पर सीकरी गेट के निकट कार की टक्कर से घायल ई-रिक्शा चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि ई-रिक्शा सवार महिला व उनकी बेटी का अभी उपचार चल रहा है। मूलरूप से चंदौली जिले के थाना साहबगंज के गांव राममाणो निवासी राजीव कुमार मोदीनगर की सौंदा रोड पर पत्नी प्रतिभा के साथ किराए के मकान पर रहते थे। राजीव ई-रिक्शा चलाते थे। सोमवार को वह ई-रिक्शा में काजमपुर गेट से दो सवारी हिमांशी चौधरी व उनकी बेटी भाव्या चौधरी को लेकर बस स्टैंड की तरफ जा रहे थे। सीकरी गेट कट के निकट कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पलट गई। हादसे में राजीव, हिमांशी व भाव्या गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार रात उपचार के दौरान राजीव की मौत हो गई।

