अफसर मौन, आखिर कब बनेगी बाटा ROB की सड़क

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में बाटा आरओबी की जर्जर सड़कों की मरम्मत का काम शुरू होने से पहले ही अटक गया है। एक लेन बंद करने के प्रयास से शहर में भीषण जाम लग गया। अधिकारियों की चुप्पी से यह तय नहीं है कि मरम्मत कब शुरू होगी। इस आरओबी से कई सेक्टरों और औद्योगिक क्षेत्रों का आवागमन जुड़ा है।

when will the bata rob road be built officials silent public troubled by traffic jams

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

एक साल से बाटा आरओबी की टूटी सड़कों की मरम्मत का काम शुरू होने से पहले ही ठप पड़ गया। मरम्मत का प्लान बनाने वाले अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि आरओबी की एक लेन 15 दिन के लिए बंद कर उसे दुरुस्त करना था। रविवार को सड़क की एक लेन बंद कर दी गई तो सप्ताह के पहले वर्किंग डे वाले दिन ही पूरा ट्रैफिक प्लान ही ठप पड़ गया। आधे से ज्यादा शहर वाहनों से चोक हो गया। भीषण जाम से जब शहर परेशान होकर कंट्रोल रूम में शिकायतें करने लगा तो आननफानन में पहले तो ट्रैफिक क्लियर कराने की कोशिश की गई लेकिन हल नहीं निकला तो आरओबी की बंद लेन को वाहनों के लिए खोल दिया गया। इसके बाद ही ट्रैफिक का दबाव सामान्य हो सका। मंगलवार सुबह फ्लाईओवर से वाहनों का आवागमन जारी रहा, जिससे जाम नहीं लगा। वहीं इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के ईएक्सईएन प्रकाश लाल से कई बार संंपर्क किया गया। मेसेज भी वॉट्सऐप पर भेजा गया, लेकिन उन्होंने न तो फोन रिसीव किया और न ही मेसेज का जवाब दिया। इसके चलते अब तक तय ही नहीं कि पुल की मरम्मत कब शुरू होगी।

काम समाप्त होने की डेडलाइन पर तो हुई शुरुआत : बाटा आरओबी को चार लेन 2000 में बनाया गया था। इसकी सड़क जर्जर हो गई। पुल के ऊपर सड़क में बने गड्ढों से वाहनों को लेकर निकलना मुश्किल हो रहा था। इससे की जाम के कारण लोगों को परेशानी हो रही थी। हालांकि इस सड़क को बनाने का ठेका 68 लाख 84 हजार 293 रुपये का दिया गया था। 22 नवंबर 2025 से काम शुरू करने के लिए कंस्ट्रक्शन कंपनी को बोला गया और मार्च 2026 तक काम समाप्त करना था, लेकिन देरी से रविवार को काम शुरू हुआ। उस दिन निर्माण कार्य के चलते बाटा फ्लाईओवर के आसपास जाम देखने को मिला था। इतना ही नहीं दो दिन की छुट्टियों के बाद सोमवार को जब वाहनों ने दौड़ना शुरू किया तो चारों ओर जाम लग गया। शहर के रेलवे अंडरपास, नीलम फ्लाईओवर, अजरौंदा चौक और बड़खल फ्लाईओवर पर जाम रहा। इनके अलावा शहर के अंदर की रोड पर भी जाम लगने के कारण वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बाटा आरओबी से इस एरिया को मिलता है फायदा : बाटा आरओबी से सेक्टर-छह और सेक्टर-24 आना जाना सुगम होता है। इनके अलावा एनआइटी औद्योगिक क्षेत्र में चल रही फैक्ट्रियों के वाहन आते-जाते हैं। यहां से एनआइटी एक-दो नंबर, मुजेसर, सारन, डबुआ कॉलोनी, डबुआ गांव, एयरफोर्स स्टेशन, जवाहर कॉलोनी, पर्वतीय कॉलोनी, प्रेस कॉलोनी के लोगों को सेक्टर-12 में सरकारी कार्यालय व मेट्रो स्टेशन के लिए आना-जाना होता है। गुड़गांव आने-जाने के लिए सेक्टर-सात, आठ, नौ, 10, 11 के लोगों का आवागमन होता है।