‘CM के आदेश के बावजूद लगा दिया कम्युनिटी सेंटर पर ताला’

नवभारतटाइम्स.कॉम
‘CM के आदेश के बावजूद लगा दिया कम्युनिटी सेंटर पर ताला’
NBT रिपोर्ट, सेक्टर-49

रोजवुड सिटी स्थित कम्युनिटी सेंटर को लेकर विवाद फिर बढ़ गया है। RWA का आरोप है कि सेंटर को मुख्यमंत्री के आदेश पर खोले जाने के बाद डिवेलपर कंपनी ने दोबारा ताला लगा दिया। मौके पर निजी बाउंसर भी तैनात करा दिया है। RWA ने जिला उपायुक्त से हस्तक्षेप कर सेंटर खुलवाने की मांग की है।
RWA अध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि मामला मुख्यमंत्री के समक्ष ग्रीवेंस कमेटी में रखा गया था। कम्युनिटी सेंटर का गेट खोलने के निर्देश दिए थे। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के एसटीपी की ओर से भी सेंटर का ताला खुलवाने के लिए लिखित आदेश दिए गए थे। कुछ समय के लिए सेंटर का ताला खुलने के बाद इस्तेमाल शुरू हो गया था, लेकिन अब फिर से वहां ताला लगा दिया गया है। कहना है कि कम्युनिटी सेंटर का इस्तेमाल सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए होना चाहिए। अशोक यादव ने बताया कि सुंदरकांड का पाठ मजबूरी में कम्युनिटी सेंटर के गेट के बाहर रोड पर करना पड़ा। उन्होंने बताया कि इस मामले में उन्होंने उपायुक्त के नाम एक पत्र ई-मेल के जरिए भेजा है। RWA के अनुसार सेंटर बंद होने के कारण सोसायटी के लोगों को अपने कार्यक्रम खुले स्थान या सड़क पर करने पड़ रहे हैं। आरोप लगाया है कि सेंटर के आसपास कुछ निजी बाउंसर तैनात किए गए हैं। कार्रवाई की मांग की है।