सड़क पार कर रही महिला को BMW ने मारी टक्कर, मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम
delhi cantt tragic accident woman crossing road hit by bmw driver flees scene
nनवीन निश्चल, दिल्ली कैंट

मंगलवार दोपहर BMW कार ने दिल्ली कैंट एरिया में सड़क पार कर रही एक महिला को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। लोगों का आरोप था कि कार चला रहा शख्स घायल महिला को अस्पताल ले जाने की बजाय मौके से फरार हो गया। लोगों ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार 12 बजे एक्सीडेंट की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पुलिस टीम पहुंची पता चला कि घायल महिला को हरि नगर के दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भेजा जा चुका है। वहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, उनकी पहचान जयवंती ( 48 ) के रूप में हुई। जो ईस्ट मेहराम नगर इलाके की रहने वाली थीं। सड़क पार करने के दौरान कार ने उन्हें टक्कर मारी। इस मामले में दिल्ली कैंट थाना की पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी की पहचान दीपक (38) के रूप में हुई है। यह मंडोली के प्रताप नगर इलाके का रहने वाला है और पिछले 6 महीने से गाड़ी चला रहा था। हादसे के समय वह एयरपोर्ट से लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पार कर रही महिला को उसने टक्कर मार दी। गाड़ी को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आगे की छानबीन पुलिस के द्वारा की जा रही है।

मृतका महिला के बेटे ने बताया कि उनकी मां दिल्ली कंटोनमेंट बोर्ड में काम करती थीं। दोपहर में खाना खाने घर आ रही थी, उसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी मां को टक्कर मार दी। जैसे ही मामले की सूचना मिली मेहराम नगर के लोग काफी संख्या में इकट्ठा हो गए और जाम लगा दिया, जिसे पुलिस ने खुलवाया।