ट्रस्ट से 2.50 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप, FIR

नवभारतटाइम्स.कॉम
allegation of embezzling rs 250 crore from trust fir registered against bank manager and former official
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: आरबीएल बैंक के शाखा प्रबंधक व हिंद चैरिटेबल ट्रस्ट के पूर्व अधिकारी पर पुराने वाहन खरीद-फरोख्त के नाम पर ढाई करोड़ रुपये हड़पने का आरोप है। इसकी जानकारी होने पर ट्रस्ट की चेयरपर्सन ने गाजीपुर पुलिस स्टेशन में तहरीर दी थी। सुनवाई न होने पर पीड़िता ने कोर्ट में मदद की गुहार लगाई थी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

हिंद चैरिटेबल ट्रस्ट की चेयरपर्सन होने का दावा करते हुए डॉ. ऋचा मिश्रा ने पुलिस को बताया कि मलय मोहन वर्ष 2016 से ट्रस्ट की बैंकिंग गतिविधियां देख रहा था। उसने अपने सहयोगी वरुण कुमार श्रीवास्तव को ट्रस्ट के मेडिकल कॉलेज में सीईओ के पद पर नियुक्त कराया था। आरोप है कि मलय मोहन ने ट्रस्ट के गोपनीय दस्तावेज भी उसे उपलब्ध कराए। डॉ. ऋचा के मुताबिक, वरुण कुमार श्रीवास्तव अलग-अलग पैन कार्ड, जन्मतिथि और नाम की अलग-अलग स्पेलिंग का इस्तेमाल करता है। वहीं मलय मोहन आरबीएल बैंक का कर्मचारी होने के बावजूद कार पेडलर मोटर्स और गोपाल इंफ्रा जैसी कंपनियों में निदेशक के रूप में जुड़ा था।
रकम लेने के बाद आपूर्ति नहीं की

आरोप है कि दोनों ने मिलीभगत कर ट्रस्ट से करीब 2.50 करोड़ रुपये पुरानी गाड़ियों, एंबुलेंस और बसों की खरीद के नाम पर कार पेडलर मोटर्स को हस्तांतरित करवाए। रकम लेने के बाद संबंधित वाहनों की कोई आपूर्ति नहीं की गई। पीड़िता ने इस मामले में गाजीपुर पुलिस स्टेशन में तहरीर दी थी। कार्रवाई नहीं होने पर डॉ. ऋचा मिश्रा ने कोर्ट में याचिका दाखिल की। इंस्पेक्टर गाजीपुर राजेश मौर्य के मुताबिक, कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।