रेजिडेंट्स और डॉग लवर्स फिर आमने-सामने, पुलिस तैनात

नवभारतटाइम्स.कॉम
society dog lovers and residents clash police deployed dispute over feeding street dogs escalates
nNBT रिपोर्ट, सेक्टर-67

श्री वर्धमान मंत्रा सोसायटी में स्ट्रीट डॉग्स को खाना खिलाने को लेकर रेजिडेंट्स और डॉग लवर्स के बीच चल रहा विवाद गहरा गया है। शनिवार रात बड़ी संख्या में निवासियों ने सोसायटी के मेन गेट पर धरना शुरू कर दिया और बाहर से आए एनिमल फीडर्स को अंदर जाने से रोक दिया। लोगों ने काफी समय तक गेट पर पहरा दिया, जिसके कारण खाना लेकर आई टीम को बाहर ही रुकना पड़ा। फीडर्स ने बाहर घूम रहे पशुओं को भोजन करा दिया। फीडर्स का कहना है कि परिसर के भीतर मौजूद डॉग्स तक भोजन नहीं पहुंच सका। ऐसे में डॉग्स आक्रामक हो रहे हैं। फिलहाल सोसायटी के मेन गेट पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। अभी कुछ दिन पहले ही यहां इस मामले को लेकर हंगामा हुआ था। इस बीच दो महिलाओं के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए गए थे। पुलिस तक मामला पहुंचा था, जिसके बाद जांच की जा रही है।
मामले में एनिमल फीडर रोजी ने घटना पर ऐतराज जताते हुए कहा कि उनके साथ तीन दिन से अभद्रता और डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोसायटी परिसर में मौजूद दर्जनों स्ट्रीट डॉग्स तीन दिन से भोजन न मिलने के कारण भूख से तड़प रहे हैं। डॉग लवर्स का कहना है कि पशु क्रूरता निवारण कानून के तहत जानवरों की देखरेख में बाधा डालना अनुचित और गैर कानूनी है। उन्होंने बताया कि डॉग्स आक्रामक हो रहे है ओर वह किसी पर हमला कर सकते हैं। वहीं, सोसायटी के लोगों ने कहा कि समस्या का समाधान होना चाहिए। परिसर में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ गई है।