Food Safety Departments Strictness On Unlicensed Food Businesses During Festive Season Strict Action Will Be Taken
बिना लाइसेंस खाद्य कारोबारियों को चेतावनी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
त्योहारी सीजन में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए फूड एंड सेफ्टी विभाग ने खाद्य कारोबारियों के लिए सख्ती बढ़ा दी है। विभाग ने बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने वालों को चेतावनी देते हुए निर्माण इकाइयों की जांच के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। अब कार्रवाई केवल खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि निर्माण इकाई का लाइसेंस, कच्चे माल का भंडारण, खाद्य पदार्थ तैयार करने की प्रक्रिया, साफ-सफाई, पैकिंग और बिक्री से जुड़े मानकों की भी जांच की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, खाद्य निर्माण या बिक्री से जुड़े कारोबारियों को मौके पर अपने लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध रखने होंगे। बिना वैध लाइसेंस कारोबार करते पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मछगर की कार्रवाई के बाद बढ़ी निगरानी : यह सख्ती मछगर में घेवर की वर्कशॉप पर हुई हालिया कार्रवाई के बाद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। 13 अगस्त को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और फूड सेफ्टी विभाग की संयुक्त टीम ने मोहना रोड स्थित वर्कशॉप का निरीक्षण किया था। यहां करीब 150 किलो सादा घेवर, 200 किलो मावा घेवर और मीठा मावा मिला था। वर्कशॉप संचालक वैध FSSAI लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका था। टीम ने मावा घेवर और मीठे मावा के सैंपल भी लिए थे।