तीन लोगों को लगाई "30 लाख की चपत

नवभारतटाइम्स.कॉम
cyber fraud in noida rs 30 lakh fraudulent from three including a woman police investigating
महिला समेत तीन लोगों से जालसाजी, साइबर थाना पुलिस ने दर्ज किए केस

NBT रिपोर्ट, नोएडा
साइबर जालसाजों ने महिला समेत तीन लोगों को अलग-अलग तरीकों से झांसे में लेकर करीब 30 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने किसी को फर्जी निवेश योजना में मुनाफे का लालच दिया तो किसी को फेसबुक पर कारोबार संबंधी विज्ञापन दिखाकर और क्रेडिट कार्ड पर इनाम का झांसा देकर ठगा। एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत के बाद साइबर थाना पुलिस ने तीनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबर और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की डिटेल खंगाल रही है।

अमेजन कर्मचारी बनकर 8.66 लाख ठगे

ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 निवासी महिला ने बताया कि वह पहले अमेजन में काम करती थीं। नौकरी छोड़ने के कुछ समय बाद दो लोगों ने खुद को अमेजन का कर्मचारी बताते हुए उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने पूर्व कर्मचारियों के लिए निवेश और आय अर्जित करने वाली योजनाओं की जानकारी दी। 29 से 31 जुलाई 2025 के बीच महिला से अलग-अलग क्रिप्टोकरेंसी और निवेश योजनाओं में रकम लगवाई गई। उन्होंने कुल 8.66 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। मुनाफे की रकम निकालने की कोशिश पर ठगी का पता चला।

फेसबुक विज्ञापन पर क्लिक करते ही फोन हैक

सेक्टर-11 निवासी 55 वर्षीय कारोबारी ने बताया कि 28 जून को उन्होंने फेसबुक पर कारोबार संबंधी एक विज्ञापन देखा। लिंक पर क्लिक करने के बाद उनका फोन हैक हो गया और कॉल व मैसेज आना बंद हो गए। इसी दौरान अमेरिकन एक्सप्रेस क्रेडिट कार्ड से 10.54 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। अगले दिन बैंक से मैसेज आने पर ठगी का पता चला।

क्रेडिट कार्ड के इनाम का झांसा

सेक्टर-41 निवासी 69 वर्षीय रिटायर्ड कर्मचारी को 13 जुलाई को दो नंबरों से फोन आया। कॉल करने वालों ने इंडसइंड बैंक के क्रेडिट कार्ड पर इनाम और सस्ती स्कीम का लालच दिया। आरोपियों ने लिंक भेजकर उसे डाउनलोड कराया। इसके बाद उनके बैंक खाते से कई ट्रांजेक्शन के जरिए 10.54 लाख रुपये निकाल लिए गए। रकम अलग-अलग खातों और ऑनलाइन माध्यमों में ट्रांसफर की गई। पुलिस का कहना है कि तीनों मामलों में लेनदेन और आरोपियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।