Tractor trolley Overturned Due To Coupling Failure 4 Laborers Including Driver Died Tragically
कपलिंग खुलने से पलटी ट्रॉली, चालक व तीन मजदूरों की मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
सुलतानपुर हाईवे पर गंगागंज के पास ईंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली कपलिंग खुलने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चालक और तीन मजदूरों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के बाद करीब एक घंटे तक चारों ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे रहे।सुलतानपुर हाईवे पर गंगागंज के पास से निकल रहे राहगीरों ने शनिवार सुबह करीब 4:45 बजे पुलिस को सूचना दी। बताया कि हाईवे पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई है। उसके नीचे कई लोग दबे हैं। इस पर गोसाईंगंज पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। ट्रॉली पर ईंटे लदी होने के चलते उसे हटाने के लिए एनएचएआई की क्रेन बुलाई गई। एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने चारों घायलों को बाहर निकाला और सीएचसी गोसाईंगंज पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं चौथे घायल को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था, पर, रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक हादसे में मारे गए मजदूरों के नाम बाराबंकी निवासी पीतांबर रावत (35),संदीप(18), पवन (24) और रामकिशोर उर्फ बलराम (30) हैं। पीतांबर रावत आरबीएफ ईंट भट्टे पर ट्रैक्टर चालक था। वहीं अन्य तीनों मजदूर थे।
ऐसे हुआ हादसा: दूसरे ट्रैक्टर ट्राॅली के चालक सूरज ने बताया कि शनिवार तड़के 4 बजे ईंट भट्टे से तीन ट्रैक्टर ट्रॉली से ईंट लेकर पराग डेयरी के पास हसनपुर खेवली में उतारने के लिए जा रहे थे। पीतांबर ट्रैक्टर ट्रॉली में तीन साथियों के साथ डिलिवरी के लिए निकल गया था। अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली की कपलिंग खुलने से ट्रॉली ऊपर उठ गई, इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया।