खेड़ी पुल से आगरा नहर में कूदा युवक, SDRF तलाश में जुटी

नवभारतटाइम्स.कॉम
youth jumps into agra canal from khedi bridge sdrf team engaged in search family in shock
n NBT न्यूज, फरीदाबाद

खेड़ी पुल से आगरा नहर में एक व्यक्ति के छलांग लगाने का मामला सामने आया है। नहर में कूदने वाले व्यक्ति की पहचान भारत कॉलोनी निवासी नरेश के रूप में हुई है। नरेश सेक्टर-15 मार्केट में मोटर मैकेनिक का काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी तलाश के लिए स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) की टीम को बुलाया गया। रविवार को भी एसडीआरएफ की टीम नहर में नरेश की तलाश करती रही, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
नरेश की पत्नी रचना ने खेड़ी पुल थाना पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ भारत कॉलोनी में रहती हैं। उनके दो बच्चे हैं। शनिवार शाम नरेश रोजाना की तरह काम से घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद उसने खाना नहीं खाया और बेटे के साथ सोने के लिए लेट गया। कुछ देर बाद वह अचानक घर से बाहर निकल गया। परिवार को लगा कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। कुछ समय बाद नरेश ने पत्नी को फोन किया। उसने बताया कि वह आगरा नहर के खेड़ी पुल पर पहुंच गया है। फोन पर नरेश ने कहा कि वह मरने के लिए आया है और नहर में कूदने जा रहा है। इतना कहने के बाद उसने फोन काट दिया।