माघी पूर्णिमा पर 2.10 करोड़ ने लगाई संगम में डुबकी

नवभारत टाइम्स

प्रयागराज में माघी पूर्णिमा पर 2.10 करोड़ लोगों ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह से देर शाम तक स्नान चलता रहा। कल्पवासियों का एक महीने का संकल्प पूरा हुआ। सोमवार से कल्पवासी घर वापसी शुरू करेंगे। कुछ कल्पवासी महाशिवरात्रि तक गंगा तट पर रहेंगे। मेला प्रशासन ने 24 घाटों पर पुण्य स्नान की पुष्टि की है।

माघी पूर्णिमा पर 2.10 करोड़ ने लगाई संगम में डुबकी
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

NBT रिपोर्ट, प्रयागराज: प्रयागराज में आयोजित किए जा रहे माघ मेले में रविवार को माघी पूर्णिमा स्नान पर्व पर 2.10 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम और गंगा में डुबकी लगाई। सुबह से शुरू हुआ स्नान देर शाम तक चलता रहा। पूर्णिमा स्नान के साथ ही कल्पवासियों का कल्पवास का संकल्प भी पूरा हो गया। एक महीने से मेले में कल्पवास कर रहे श्रद्धालुओं की विदाई अब शुरू हो जाएगी। सोमवार से गंगा तट पर वही रह जाएंगे, जिन्होंने संक्रांति से कल्पवास शुरू किया था। ऐसे श्रद्धालु महाशिवरात्रि तक क्षेत्र में रहेंगे। मेला प्रशासन के मुताबिक माघी पूर्णिमा पर दो करोड़ 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने 24 घाटों पर पुण्य की डुबकी लगाई। कल्पवासियों के शिविरों में रविवार को सत्यनारायण कथा हुई। इससे पहले कई शिविरों में रामचरितमानस का अखंड पाठ शुरू हुआ, जिसका समापन भंडारे के साथ रविवार को किया गया। इसके बाद कल्पवासी पूजन-अर्चन कर घर वापसी शुरू कर चुके हैं।