बीच सड़क कार सवार दो इंजीनियरों ने महिला को किए अश्लील इशारे, अरेस्ट

नवभारत टाइम्स

नोएडा में कार सवार दो इंजीनियरों ने एक महिला को बीच सड़क पर अश्लील इशारे किए। महिला अपने परिवार के साथ कार में जा रही थी। आरोपियों ने उनका पीछा भी किया। महिला के परिजनों ने वीडियो बनाया जिसके बाद आरोपी भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों इंजीनियरों को गिरफ्तार कर लिया है।

two car borne engineers made obscene gestures at a woman on the road arrested after video goes viral
नोएडा में दो इंजीनियरों ने शनिवार रात एक महिला का पीछा कर उसे अश्लील इशारे किए और काफी देर तक परेशान किया। जब महिला के घरवाले वीडियो बनाने लगे तो आरोपी भाग गए। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना नोएडा के सेक्टर 135 की है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सेंट्रल नोएडा एसीपी उमेश कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमित कुमार (आजमगढ़) और अभिषेक (मैनपुरी) के रूप में हुई है। दोनों पेशे से इंजीनियर हैं। पुलिस ने उनकी कार को भी जब्त कर लिया है।
यह घटना रविवार को तब सामने आई जब एक एक्स हैंडल से यूपी पुलिस और मुख्यमंत्री को टैग करते हुए दो वीडियो पोस्ट किए गए। इन वीडियो में पर्थला पुल के पास एमजे हैक्टर कार सवार युवकों को एक महिला को अश्लील इशारे करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि आरोपी युवक महिला का काफी देर तक पीछा कर रहे थे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि ये युवक शराब के नशे में थे।

पुलिस के अनुसार, जांच में यह पाया गया कि घटना का घटनास्थल थाना सेक्टर-24 क्षेत्र में आता है। फिलहाल, कोतवाली फेज थ्री से इस मामले में कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही इस केस को संबंधित थाने में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इस घटना ने नोएडा में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल हो रहे वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है और आरोपी युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है।