बरेली में संविदा कर्मचारी की हत्या के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

नवभारत टाइम्स

बरेली में एक संविदा कर्मचारी की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने उसकी पत्नी, सास और ससुर को गिरफ्तार किया है। पहले इसे आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने हत्या की पुष्टि की। रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद के बाद यह घटना हुई। आरोपियों ने मिलकर हत्या को आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया।

बरेली में संविदा कर्मचारी की हत्या के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
बरेली: बरेली के इज्जतनगर पुलिस ने भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) में काम करने वाले एक संविदा कर्मचारी जितेंद्र कुमार यादव की हत्या के मामले में उसकी पत्नी और सास-ससुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 26 जनवरी को जितेंद्र का शव उसके किराए के मकान में फंदे से लटका मिला था, जिसे पहले आत्महत्या माना जा रहा था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इस मामले में जितेंद्र के भाई की शिकायत पर उसकी पत्नी ज्योति, ससुर कालीचरण और सास चमेली को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि जितेंद्र कुमार यादव (33) मूल रूप से इटावा का रहने वाला था और बरेली के कैलाशपुरम में किराए पर रहता था। शुरू में यह घटना आत्महत्या का मामला लग रही थी। लेकिन जितेंद्र के भाई अजय कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने जितेंद्र की पत्नी ज्योति सहित चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। रिपोर्ट में साफ हुआ कि जितेंद्र कुमार यादव की मौत गला घोंटने से हुई थी, न कि आत्महत्या से। इस खुलासे के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। शनिवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जितेंद्र की पत्नी ज्योति, उसके पिता कालीचरण और मां चमेली को गिरफ्तार कर लिया।

सीओ पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि पूछताछ के दौरान ज्योति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि पैसों के लेन-देन को लेकर उसकी और जितेंद्र की अक्सर लड़ाई होती थी। ज्योति ने इन झगड़ों के बारे में अपने पिता कालीचरण को भी बताया था। 26 जनवरी को कालीचरण अपनी पत्नी चमेली और बेटे दीपक के साथ अपनी बेटी ज्योति के घर पहुंचे थे। उस समय जितेंद्र और ज्योति के बीच हाथापाई हो रही थी।

ज्योति ने पुलिस को बताया कि उसके पिता, मां और भाई ने मिलकर जितेंद्र के हाथ-पैर पकड़ लिए थे। इसी दौरान उसने (ज्योति ने) जितेंद्र का गला दबा दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मिलकर इस पूरी घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। उन्होंने जितेंद्र को फंदे पर लटका दिया ताकि यह लगे कि उसने खुदकुशी की है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।