Get Real time Train Information Via Qr Code New Facility Started At Railway Stations
QR कोड स्कैन कर मिलेगी ट्रेनों की सटीक जानकारी
नवभारत टाइम्स•
रेलवे स्टेशनों पर अब यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी के लिए पूछताछ काउंटर पर नहीं जाना पड़ेगा। स्टेशन पर लगे QR कोड को स्कैन करने से अगले चार घंटे में आने-जाने वाली ट्रेनों की सटीक जानकारी मोबाइल पर मिल जाएगी। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने गोरखपुर जंक्शन पर यह सुविधा शुरू की है।
लखनऊ: अब यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की जानकारी के लिए पूछताछ काउंटर पर लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने गोरखपुर जंक्शन पर एक नई सुविधा शुरू की है। इसके तहत, यात्री अपने मोबाइल पर QR कोड स्कैन करके अगले चार घंटों में आने-जाने वाली सभी ट्रेनों की जानकारी तुरंत पा सकेंगे। यह सुविधा जल्द ही लखनऊ सहित अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी उपलब्ध होगी।
पीआरओ महेश गुप्ता ने बताया कि डीआरएम गौरव अग्रवाल के नेतृत्व में, रेलवे स्टेशनों पर लगे पुराने व्हाइटबोर्ड की जगह अब रियल-टाइम डिजिटल इंटरफेस लगाए गए हैं। यह वेब पेज यात्रियों को गोरखपुर से अगले चार घंटों में निकलने वाली सभी ट्रेनों की लाइव स्थिति दिखाता है। अगर कोई ट्रेन डायवर्ट हुई है या रद्द हुई है, तो उसकी जानकारी भी इस पर साफ-साफ दिखेगी।इस नई इन-हाउस वेब एप्लिकेशन से यात्रियों को काफी सुविधा होगी। उन्हें अब ट्रेनों के समय के लिए पूछताछ काउंटर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। बस स्टेशन पर लगे QR कोड को स्कैन करना है और सारी जानकारी मोबाइल पर आ जाएगी। यह तकनीक रेलवे को आधुनिक बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।