2027 विधानसभा चुनावों में एक साल से भी कम समय बचा है। इस बीच नेताओं के दल-बदल का दौर भी शुरू हो गया है। रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में BSP सरकार में मंत्री रहे नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने समर्थकों संग समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली। BSP से नसीमुद्दीन कांग्रेस में गए थे, वहां से अब उन्होंने SP का रूख किया। कहा, SP मुखिया से मेरे पुराने रिश्ते हैं, हम उनके बताए रास्ते पर चलेंगे।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अनीस अहमद उर्फ फूल बाबू, प्रतापगढ़ सदर से पूर्व विधायक राजकुमार पाल, देवरिया के पूर्व विधायक दीनानाथ कुशवाहा, एआईएमआईएम के पूर्व नेता दानिश खान समेत बड़ी संख्या में नेताओं ने SP की सदस्यता ली। इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि बहुजन समाज और SP का रिश्ता गहरा होता जा रहा है। आगे ये रिश्ता और भी गहरा होगा। ये पीडीए का प्रेम प्रसार समारोह है। इससे सौहार्द, भाईचारा और मेलजोल बढ़ेगा। SP मुखिया ने कहा कि ये ज्वाइनिंग पीडीए के जीत के अंतर को और बड़ा करेगी। बीजेपी पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि फूल बाबू जब से आए हैं किसी का फूल मुरझा रहा है। राजकुमार पाल के आने से हमारे पाल साहब और मजबूत होंगे। अखिलेश ने बिना नाम लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग शंकराचार्य को भी अपमानित कर रहे हैं। जो लोग तरह-तरह की बात कर रहे हैं उनको पता होना चाहिए कि शंकराचार्य शंका से परे होते हैं। हमारी परंपरा रही है कि अगर कोई गेरूआ वस्त्र धारण कर लेता है, हम उसे सम्मान से देखने लगते हैं।



