Pakistani Balloon Found In Agra Air Force Station Intelligence Agencies On Alert
आगरा: एयरफोर्स स्टेशन में मिला पाकिस्तानी गुब्बारा
नवभारत टाइम्स•
आगरा के एयरफोर्स स्टेशन में एक पाकिस्तानी गुब्बारा मिला है। इस गुब्बारे पर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस लिखा था। यह गुब्बारा स्टेशन के तकनीकी क्षेत्र में पाया गया। इस घटना के बाद खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस ने गुब्बारे को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
आगरा के एयरफोर्स स्टेशन के अंदर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) लिखा एक गुब्बारा मिलने से हड़कंप मच गया। रविवार को मिले इस गुब्बारे की वजह से खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गईं। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बावजूद यह गुब्बारा एयरफोर्स के तकनीकी हिस्से तक कैसे पहुंचा, यह जांच का मुख्य बिंदु है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह गुब्बारा आधा सफेद और आधा हरा रंग का है। इस पर SGA लिखा हुआ है और उर्दू में भी कुछ लिखा है। इस जानकारी के सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। एयरफोर्स के अधिकारियों ने शुरुआती जांच के बाद इस गुब्बारे को थाना शाहगंज पुलिस को सौंप दिया।थाना प्रभारी निरीक्षक शाहगंज विरेश पाल गिरी ने बताया कि एयरफोर्स स्टेशन परिसर में एक संदिग्ध गुब्बारा मिला है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच यह गुब्बारा एयरफोर्स के तकनीकी एरिया तक कैसे पहुंचा। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।