Youth Returning From Party Attacked With Hammer rod By Goons Head Operation Critical Condition
पार्टी कर आ रहे बाइक सवार युवक पर हमला, हालत गंभीर
नवभारत टाइम्स•
फरीदाबाद में पार्टी से लौट रहे सचिन पर भूरा और उसके साथियों ने हथौड़े, रॉड और डंडों से हमला किया। सचिन के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे दिल्ली के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है लेकिन हमलावर फरार हैं। घटना शिव कॉलोनी के पास हुई।
फरीदाबाद में पार्टी से लौट रहे बाइक सवार युवकों पर दबंगों ने हथौड़ा, रॉड और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खौफनाक वारदात में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसे दिल्ली के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका ऑपरेशन हुआ है और वह वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। घायल युवक की पहचान सचिन निवासी सैनिक कॉलोनी के रूप में हुई है। मुजेसर थाना पुलिस ने दोस्त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन हमलावर अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
यह पूरी घटना 22 फरवरी की रात करीब 11.30 बजे शिव कॉलोनी के पास प्रेस कॉलोनी पुलिया पर हुई। शिकायतकर्ता ईशांत रेलहन ने पुलिस को बताया कि वे अपने दोस्तों ह्दया, मोहित, हरिंदर, सचिन, देवेंद्र और तरुण के साथ पार्टी से लौट रहे थे। रास्ते में शिव कॉलोनी में हुक्का पीने के लिए रुके। तभी ह्दया और मोहित कुछ सामान लेने चले गए। जब वे दोनों सामान लेकर वापस आ रहे थे, तो भूरा अपने दो साथियों के साथ वहां मौजूद था। उन्होंने ह्दया की बाइक रोकी और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि "मोटरसाइकल देखकर चालाया करो।" ह्दया ने आवाज लगाई तो सचिन भी वहां पहुंच गया और बीच-बचाव कराकर भूरा और उसके साथियों को वहां से भेज दिया।इसके बाद शिकायतकर्ता और उसके दोस्त वहीं बैठकर खाने-पीने लगे। कुछ देर बाद भूरा अपने 8-10 साथियों के साथ वापस आ गया। इन साथियों में काली पूडी, राजा शिव मोतीलाल और अन्य लोग शामिल थे। सभी हमलावर डंडे, रॉड और हथौड़े जैसे हथियार लेकर आए थे। उन्होंने आते ही सचिन पर हमला बोल दिया। भूरा ने सचिन के सिर पर हथौड़ेनुमा हथियार से वार किया, जिससे सचिन जमीन पर गिर पड़ा। जब सचिन बेहोश हो गया, तो उसके अन्य साथियों ने लात-घूंसों और रॉड से उस पर वार करना जारी रखा। सचिन को बचाने की कोशिश में हमलावरों ने शिकायतकर्ता ईशांत पर भी हमला कर दिया।
इस बीच, ह्दया ने अपने दोस्त देव को फोन किया, जो तुरंत मौके पर पहुंच गया। वहीं, तरुण ने 112 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की गाड़ी आते देख हमलावर भूरा और उसके साथी हथियारों सहित मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सचिन को पहले बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत ज्यादा गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसका सिर का ऑपरेशन किया गया है और वह अभी वेंटिलेटर पर है। मुजेसर थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर रही है।