परी चौक पर एक्वा लाइन से कनेक्ट होगी नमो भारत, बनेगा इंटरचेंज

Contributed byShyam.Vir|नवभारतटाइम्स.कॉम
interchange of namo bharat and aqua line to be built at pari chowk travel will be easy
n भाषा, दिल्ली

परी चौक मेट्रो स्टेशन पर एक्वा लाइन और गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट जाने वाले नमो भारत मेट्रो कॉरिडोर का इंटरचेंज बनेगा। यात्रियों को नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। यमुना सिटी के सेक्टर 21 स्टेशन से यहां की फिल्म सिटी को कनेक्टिविटी मिलेगी। इस कॉरिडोर को दिल्ली मेट्रो नेटवर्क से भी जोड़ा जाएगा। ये रेड लाइन मेट्रो के जरिए गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन पर कनेक्ट होगी। प्रस्तावित 72.44 किमी लंबे नमो भारत गाजियाबाद-जेवर कॉरिडोर का काम विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के चरण में पहुंच गया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम ( एनसीआरटीसी ) के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा है कि प्रस्तावित मार्ग गाजियाबाद से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के सेक्टरों से होते हुए जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर समाप्त होगा। यह कॉरिडोर उन क्षेत्रों से होकर गुजरेगा जहां तेजी से शहरी और आर्थिक विकास हो रहा है। इस कॉरिडोर में 12 स्टेशन और मार्ग के उत्तरी व दक्षिणी छोर पर दो डिपो होंगे। यह कॉरिडोर चौथा नमो भारत क्षेत्रीय त्वरित परिवहन कॉरिडोर होगा। इसकी अनुमानित लागत करीब 20,640 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि कॉरिडोर को अधिकतम 180 किमी प्रति घंटे की गति के लिए डिजाइन किया जाएगा। इससे गाजियाबाद से नोएडा हवाई अड्डे के बीच यात्रा समय घटकर करीब 40 से 50 मिनट रह जाएगा।