NIA की टीम ने डॉक्टर के घर की छापेमारी

नवभारतटाइम्स.कॉम
nia raids doctors house sons interrogated on charges of terror funding and anti national comments
टीम ने डॉक्टर के तीनों बेटों से पांच घंटे पूछताछ की, लैपटॉप व मोबाइल की जांच की

डॉक्टर के तीनों बेटों के सोशल मीडिया पर टेरर फंडिंग व देश विरोधी टिप्पणी करने की बात सामने आ रही
NBT न्यूज, बुलंदशहर

टेरर फंडिंग की सूचना पर एनआईए की टीम ने बुधवार सुबह नगर के मोहल्ला ईटारोड़ी में डॉक्टर के मकान पर छापा मारा। टीम ने डॉक्टर के तीनों बेटों से पांच घंटे पूछताछ की। साथ ही घर में मिले लैपटॉप व मोबाइल की जांच की। बताया जा रहा है कि डॉक्टर के तीनों बेटों के सोशल मीडिया पर टेरर फंडिंग व देश विरोधी टिप्पणी करने की बात सामने आ रही है। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से आई एनआईए की टीम ने कोई बयान जारी नहीं किया है।

मोहल्ला ईटारोड़ी निवासी डॉ. खुशबुद्दीन का स्याना बस अड्डे के पास क्लिनिक है। इनके तीन बेटे मोहम्मद कादिर, बिलाल और फैसल हैं। मोहम्मद कादिर की कॉस्मेटिक की दुकान है। बिलाल पिता के साथ क्लिनिक पर काम करते हैं। सबसे छोटा फैसल ऑटो पार्ट की दुकान करता है। मोहम्मद कादिर व फैसल अविवाहित है। बिलाल का दो साल पहले निकाह हुआ है। एनआईए की टीम ने पूरे मकान की तलाशी ली। इस मामले में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। कोतवाली निरीक्षक धर्मेंद्र राठौर भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि उन्हें एनआईए की टीम के साथ मकान पर पहुंचने के आदेश मिले थे।

डॉक्टर के मकान पर बुधवार को सुबह साढ़े छह बजे मेरठ से एटीएस की टीम पहुंची थी। एनआईए ने एटीएस की टीम को मकान में नहीं घुसने दिया। इस पर एटीएस की टीम ने अपने उच्चाधिकारियों से बात की और वापस लौट गई। डॉक्टर ने बताया कि सुबह एनआईए की टीम आई थी। पूछताछ में उन्होंने हर सवाल का जवाब दिया। उन्होंने घर की तलाशी ली और लैपटॉप, मोबाइल चेक किया। टीम पांच घंटे बाद यह कहकर चले गई कि शायद हम गलत जगह आ गए।