ऑटो खरीदने निकले युवक की मौत, हत्या का आरोप

नवभारतटाइम्स.कॉम
youth killed while going to buy auto friend accused of murder for 30 thousand rupees
nNBT न्यूज, काकोरी : काकोरी के दोना गांव निवासी दिलीप रावत (30) का खून से लथपथ शव बुधवार शाम आगरा एक्सप्रेसवे के पास भलिया गांव में मिला। घरवालों ने गांव के ही युवक पर 30 हजार रुपये के लिए हत्या का आरोप लगाया। सूचना पर एसीपी काकोरी शकील अहमद, दुबग्गा और काकोरी पुलिस के साथ फरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के साथ अंतिम समय तक मौजूद रहे मुजीब उर्फ मुन्ना को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। नाराज घरवालों ने दो घंटे तक शव नहीं उठने दिया और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

एसीपी के मुताबिक, दोना गांव निवासी मस्तराम रावत ने बताया कि उनका भाई दिलीप मंगलवार शाम गांव के ही मुजीब उर्फ मुन्ना के साथ ऑटो रिक्शा खरीदने के लिए 80 हजार रुपये लेकर घर से निकला था। ऑटो खरीदने के लिए 50 हजार रुपये शोरूम पर जमा कर दिए गए थे, जबकि दिलीप के पास 30 हजार रुपये शेष थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। बुधवार शाम उनका खून से लथपथ शव आगरा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन के किनारे मिला। दिलीप की मां शिवराजा ने आरोप लगाया कि मुजीब आपराधिक प्रवृत्ति का है और 30 हजार रुपये हड़पने के लिए उसने बेटे की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिवारीजन मौके पर पहुंच गए और शव उठाने का विरोध करते हुए आरोपित की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि मुजीब उर्फ मुन्ना को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिवारीजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हत्या समेत सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।