Noida Former Artos 20 Crore Property Revealed City Becomes Hub For Black Money
पूर्व ARTO की नोएडा में "20 करोड़ की संपत्ति
Contributed by: Dinesh.Mishra|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
देशभर के रिश्वतखोरों के लिए काली कमाई खपाने का सबसे बड़ा अड्डा नोएडा बन गया है। अब इस कड़ी में आगरा से रिटायर हुए रिश्वतखोर पूर्व एआरटीओ ललित कुमार का नाम सामने आया है। लखनऊ में इनके आवास पर छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये का सोना-चांदी व नकदी के साथ जिन संपत्तियों के कागजात मिले हैं, उनमें नोएडा का भी नाम है। विजिलेंस के अनुसार कुल बरामदगी का मूल्य करीब 35 करोड़ रुपये आंका गया है। इसमें नोएडा में करीब 20 करोड़ की प्रॉपर्टी मिली है। इनके नाम से ग्रेनो वेस्ट की दो सोसायटियों में दो फ्लैट के अलावा तीन कमर्शल प्लॉट के बारे में पता चला है। विजिलेंस महकमे के छापे में मिलीं इस एआरटीओ की संपत्तियों की जांच का दायरा अब नोएडा अथॉरिटी के साथ ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी व यमुना अथॉरिटी में भी फैल गया है। तीनों अथॉरिटी से पूर्व एआरटीओ के साथ उनके परिजनों की संपत्तियों की सूची शासन ने मांगी है। इससे पहले जीएसटी से जबरन रिटायर किए गए असिस्टेंट कमिश्नर केशव लाल की सौ करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्तियां नोएडा में मिली है। 4 करोड़ से ज्यादा है दो फ्लैट की कीमत
विजिलेंस की लखनऊ में छापेमारी के दौरान पूर्व एआरटीओ ललित कुमार के पास ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर 16 बी में यू फेयिरया प्रॉजेक्ट में एक फ्लैट की बुकिंग के दस्तावेज मिले। इसकी कीमत दो करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा वेस्ट के टेकजोन-4 में आम्रपाली स्प्रिंग मीडोज प्रॉजेक्ट में एक फ्लैट बुक कराया है। इसकी कीमत भी लगभग दो करोड़ रुपये से ज्यादा है। इसके अलावा पूर्व एआरटीओ के नोएडा के सेक्टर-66 में जिस प्लॉट के दस्तावेज विजिलेंस को मिले हैं उनकी कीमत 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। भ्रष्टाचार में लिप्त इस अधिकारी की और संपत्तियों के बारे में पता करने का काम जारी है। जांच एजेंसी को शक है इसने अपने परिजनों के नाम पर करोड़ों रुपये की संपत्तियां गौतमबुद्धनगर जिले में खरीदकर निवेश किया है। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, इस पूर्व एआरटीओ की और संपत्तियों की जानकारी सामने आनी तय है। 8 पेज 4