लापता नाविक की खोज के लिए MP का विदेश मंत्री को लेटर

नवभारतटाइम्स.कॉम
लापता नाविक की खोज के लिए MP का विदेश मंत्री को लेटर
NBT न्यूज, भिवानी

भिवानी के निवासी भारतीय नाविक दीपक डुडी के यूक्रेन के पास समुद्र में लापता होने का मामला अब केंद्र सरकार तक पहुंच गया है। भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद धर्मबीर सिंह ने केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर दीपक की जल्द से जल्द तलाश, निष्पक्ष जांच और तत्काल राजनयिक हस्तक्षेप की मांग की है।
सांसद ने अपने पत्र में बताया कि दीपक डुडी एक भारतीय नाविक हैं, जिन्होंने 20 मार्च 2026 को नौ महीने के अनुबंध पर एक पुर्तगाली ध्वज वाले जहाज पर नौकरी शुरू की थी। यह जहाज तुर्की की शिप मैनेजमेंट कंपनी के अधीन संचालित हो रहा था और दीपक की नियुक्ति भारत की एक शिप मैनेजमेंट कंपनी के माध्यम से हुई थी। परिजनों के अनुसार, 5 जुलाई को उन्हें सूचना मिली कि यूक्रेन के पास समुद्र में जहाज से गिरने के बाद दीपक लापता हो गए हैं। कई दिन बीत जाने के बावजूद न तो उनका कोई पता चल सका है और न ही उनका शव बरामद हुआ है। परिवार का कहना है कि उन्हें घटना के बारे में स्पष्ट और संतोषजनक जानकारी भी नहीं दी गई है। दीपक के परिजनों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।