सरकारी मकानों पर लगेंगे रूफटॉप सोलर

नवभारतटाइम्स.कॉम
सरकारी मकानों पर लगेंगे रूफटॉप सोलर
NBT न्यूज, चंडीगढ़

हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने बुधवार को सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों तथा मुख्य प्रशासकों को निर्देश दिए हैं कि चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से आवंटित सरकारी मकानों में रहने वाले हरियाणा सरकार के कर्मचारी रूफटॉप सोलर ऊर्जा प्रणाली के उपयोग से संबंधित अपना विकल्प/अंडरटेकिंग फॉर्म 10 जुलाई, 2026 तक जमा कराएं।
चंडीगढ़ प्रशासन की हाउस अलॉटमेंट कमिटी से प्राप्त पत्र के बाद यह निर्देश बुधवार को जारी किए गए हैं। केंद्र सरकार की पहल के तहत सरकारी आवासीय भवनों में रूफटॉप सोलर प्रणाली की शत-प्रतिशत स्थापना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि पात्र कर्मचारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने-अपने विभागाध्यक्षों के माध्यम से निर्धारित प्रारूप में सहमति प्रपत्र जमा करें, ताकि उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए हाउस अलॉटमेंट कमेटी, चंडीगढ़ के कार्यालय को समय पर भेजा जा सके।

चंडीगढ़ प्रशासन के अनुसार, सोलर उपयोगकर्ता शुल्क (यूजर चार्जेज) के संबंध में सरकारी कर्मचारियों से प्राप्त प्रतिवेदनों के बाद यह प्रक्रिया शुरू की गई है। कर्मचारियों फॉर्म में निर्धारित विकल्पों में से एक का चयन करना होगा।