बैंक घोटाले में लेबर वेलफेयर बोर्ड के दो अफसर गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम
बैंक घोटाले में लेबर वेलफेयर बोर्ड के दो अफसर गिरफ्तार
NBT न्यूज, चंडीगढ़

बैंक घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने अब जांच के दायरे को बढ़ाते हुए हरियाणा लेबर वेलफेयर बोर्ड के अकाउंट्स ऑफि़सर और एक अकाउंटेंट को बुधवार को गिरफ़्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों को बुधवार देर शाम सीबीआई ने दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों पर हरियाणा लेबर वेलफेयर बोर्ड के बैंक अकाउंट से 50.05 करोड़ रुपये के गबन का आरोप है, जो इसी बैंक घोटाले का हिस्सा है।
सीबीआई के अनुसार दोनों आरोपियों अकाउंट्स ऑफिसर जुगल किशोर और अकाउंट्स क्लर्क अमित कुमार - को बुधवार को पंचकूला में सीबीआई की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया।

सीबीआई के अनुसार जुगल किशोर 21 अगस्त, 2024 से लेबर वेलफ़ेयर बोर्ड में अकाउंट्स ऑफिसर के तौर पर काम कर रहे थे। वह बोर्ड के सभी फ़ाइनेंस से जुड़े मामलों के लिए जिम्मेदार थे और आईडीएफसी फ़स्र्ट बैंक, सेक्टर 32, चंडीगढ़ में खुले बैंक अकाउंट के अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता (ऑथराइज्ड सिग्नेचर) थे।

उन्होंने बैंकों को शॉर्टलिस्ट करने के लिए एक कमिटी बनाने का प्रस्ताव दिया था और बैंकों के साथ सभी लेटर, चेक और बातचीत से जुड़े कागजात पर साइन किए थे। सीबीआई ने जांच में पाया कि उन्होंने बैंक में सेविंग्स अकाउंट खोलने के फ़ॉर्म पर साइन किए थे। जबकि सक्षम अधिकारी की मंजूरी सिर्फ फिक्स्ड डिपॉजिट खोलने के लिए थी। सीबीआई के अनुसार सेविंग्स अकाउंट खोलकर उन्होंने एक ऐसा चालू अकाउंट बनाने में मदद की, जिसके ज़रिए फ़ंड का गबन किया गया। उन्होंने फ़ंड-ट्रांसफऱ लेटर पर साइन किए, जिसमें सेविंग्स अकाउंट में 50 करोड़ रुपये ट्रांसफऱ करने वाला लेटर भी शामिल था।