84 कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण पर फिर ब्रेक

नवभारतटाइम्स.कॉम

अयोध्या के चारों ओर बन रहे 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का निर्माण कार्य किसानों के विरोध के चलते एक बार फिर रुक गया है। किसान अधिगृहीत भूमि से अधिक पर निर्माण का आरोप लगा रहे हैं। प्रशासन के अनुसार 82 प्रतिशत मुआवजा बांटा जा चुका है, पर किसान बिना उचित प्रक्रिया के जमीन पर कब्जे का दावा कर रहे हैं।

84 कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण पर फिर ब्रेक

nNBT न्यूज,बाराबंकीः अयोध्या के चारों ओर बनने वाले 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का निर्माण कार्य रविवार को एक बार फिर किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। पिछले 15 दिनों में तीसरी बार किसानों ने अधिगृहीत भूमि से अधिक पर निर्माण करवाने का आरोप लगाते हुए काम रुकवाया। विरोध के चलते निर्माण एजेंसी के वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हुआ और कार्य अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।

परिक्रमा मार्ग बाराबंकी की 16 ग्राम पंचायतों से होकर गुजर रहा है। प्रशासन के अनुसार अब तक करीब 82 प्रतिशत भूस्वामियों को मुआवजा वितरित किया जा चुका है, लेकिन प्रभावित किसानों का कहना है कि कई स्थानों पर बिना उचित प्रक्रिया पूरी किए उनकी जमीन पर निर्माण करवाया जा रहा है। दरियाबाद क्षेत्र के अलियाबाद, पूरेकामगार और गुलचप्पा गांव के किसानों ने आरोप लगाया संबंधित एजेंसी कि राजस्व विभाग द्वारा निर्धारित सीमा से आगे बढ़कर कार्य कर रही है।

किसान मो. फहीम ने आरोप लगाया कि उनकी भूमि पर काम हो रहा है, जबकि अधिग्रहण की सूचना या मुआवजा तक नहीं दिया गया। इसी तरह गुलचप्पा गांव के असगर अली, अकबर अली, रमेश चंद्र और मथुरा प्रसाद ने भी मुआवजा नहीं मिलने का आरोप लगाया है। पूरेकामगार गांव निवासी कृष्णावती का कहना है कि उन्हें जितनी भूमि के लिए मुआवजा मिला है, उससे लगभग आधा बीघा अधिक जमीन पर कब्जा कर निर्माण करवाया जा रहा है। इससे नाराज किसानों ने निर्माण एजेंसी के डंपरों और अन्य वाहनों के सामने खड़े होकर विरोध जताया तथा खेतों के रास्तों से वाहनों का आवागमन बंद करा दिया। किसानों का कहना है कि पूर्व में भी अधिकारियों ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन बिना समाधान के दोबारा काम शुरू करा दिया गया।